ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के 10 हजार युवाओं के लिए रोजगार का मौका, 7-8 अक्टूबर को मेला

रायपुर में राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन; 62 कंपनियों में 9,449 पदों की जानकारी, अन्य कंपनियों से भी संपर्क जारी

रायपुर। रोजगार की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य सरकार की ओर से 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होने वाले मेले में करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है। अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्तियों की जानकारी प्राप्त हुई है।

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के इस आयोजन का उद्देश्य शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना है। अन्य कंपनियों से भी संपर्क किया जा रहा है, जिससे रिक्तियों की संख्या बढ़ सकती है।

10वीं पास से पोस्ट ग्रेजुएट तक के लिए अवसर

मेले में 10वीं और 12वीं पास के अलावा आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, एमबीए और एमसीए सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए पद उपलब्ध हैं। तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, मीटर टेक्नीशियन और मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन की रिक्तियां हैं।

इसके अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, बैंकिंग, फाइनेंस और एचआर से जुड़े पद भी शामिल हैं। नर्सिंग स्टाफ, केयरटेकर, सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइजर, ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी और पिकर-पैकर के लिए भी अवसर हैं।

ई-रोजगार पोर्टल पर कर सकेंगे आवेदन

इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर अपनी योग्यता के अनुसार रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं और आवेदन कर सकते हैं। 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे।

रोजगार मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, एयरटेल पेमेंट बैंक, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन और एनआईआईटी समेत कई कंपनियां शामिल होंगी।

Related Articles

Back to top button