ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छह महीने की ट्रेनिंग से बदली जिंदगी: ब्यूटी पार्लर से किरण की 12-20 हजार रुपए महीने की कमाई

PM कौशल विकास योजना से ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण लेकर शुरू किया काम, अब 2 से 4 महिलाओं को भी सिखा रहीं हुनर

रायपुर। कौशल प्रशिक्षण के जरिए सीखा गया हुनर आज अंबिकापुर की किरण केरकेट्टा के लिए आत्मनिर्भरता का जरिया बन गया है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत छह महीने का ब्यूटीशियन प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने अपना छोटा सा ब्यूटी पार्लर शुरू किया। मेहनत और लगातार काम से ग्राहक बढ़ते गए और अब वे इससे हर महीने करीब 12 से 20 हजार रुपए तक कमा रही हैं। इस आय से वे परिवार के खर्च में भी सहयोग कर रही हैं।

अंबिकापुर के पटेलपारा निवासी किरण बताती हैं कि प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने ब्यूटीशियन से जुड़े काम सीखे। कोर्स पूरा होने के बाद उन्होंने नौकरी की बजाय खुद का व्यवसाय शुरू करने का फैसला लिया। शुरुआत छोटे स्तर से हुई, लेकिन धीरे-धीरे ग्राहक बढ़े और पार्लर उनकी नियमित आय का जरिया बन गया।

हुनर से मिला आर्थिक सहारा

किरण के मुताबिक ब्यूटी पार्लर से हर महीने होने वाली 12 से 20 हजार रुपए की आय से परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। उनका कहना है कि कौशल विकास योजना के तहत मिला प्रशिक्षण उनके लिए सिर्फ एक कोर्स नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का अवसर साबित हुआ।

वे बताती हैं, “छह महीने ब्यूटीशियन का कोर्स करने के बाद मैंने अपना छोटा सा ब्यूटी पार्लर शुरू किया। इससे 12 से 20 हजार रुपए तक इनकम हो जाती है और घर के खर्च में भी मदद मिलती है।”

अब दूसरी महिलाओं को भी सिखा रहीं काम

किरण ने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के साथ दूसरे लोगों के लिए भी अवसर तैयार किए हैं। उनके पास फिलहाल दो से चार महिलाएं ब्यूटीशियन का काम सीख रही हैं। इस तरह प्रशिक्षण से सीखा उनका हुनर अब दूसरी महिलाओं को भी रोजगार और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने में मदद कर रहा है।

किरण ने इस अवसर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। सेवा संकल्प अभियान के तहत उनकी कहानी कौशल प्रशिक्षण से स्वरोजगार और फिर दूसरों को हुनर से जोड़ने की मिसाल के तौर पर सामने आई है।

Related Articles

Back to top button