70 फीट ऊंची पानी टंकी पर जानलेवा फोटोशूट, बच्चों के स्टंट से बढ़ी चिंता; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई में एक खतरनाक मामला सामने आया है। जोन-2 वार्ड-26 स्थित आजाद चौक पर बनी करीब 70 फीट ऊंची नई पानी टंकी लोगों की चिंता का कारण बन गई है। टंकी का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक इसकी टेस्टिंग नहीं हुई है। इसके बावजूद बच्चे और युवा टंकी पर चढ़कर फोटोशूट कर रहे हैं और जान जोखिम में डालकर स्टंट कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने इसका एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें कुछ बच्चे पानी टंकी के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में बच्चे वहां बैठकर फोटो खिंचवाते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं। सबसे ज्यादा चिंता वाली बात यह है कि एक बच्चा करीब 70 फीट की ऊंचाई पर बैठकर अपने दोनों पैर टंकी से बाहर लटकाता दिख रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इतनी ऊंचाई पर थोड़ी सी भी लापरवाही बड़ा हादसा कर सकती है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बच्चों को इतनी ऊंचाई तक पहुंचने से रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि टंकी के नीचे सुरक्षा के लिए गार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। गार्ड कई बार बच्चों और युवाओं को ऊपर जाने से रोकने की कोशिश करता है, लेकिन वे उसकी बात नहीं मानते और किसी न किसी तरीके से टंकी पर चढ़ जाते हैं।
लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और टंकी के आसपास सुरक्षा बढ़ानी चाहिए। अगर समय रहते सख्ती नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। हादसे के बाद जिम्मेदारी तय करने से बेहतर है कि पहले ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।





