StateNewsदेश - विदेश

लिफ्ट में फंसा पैर, दो मंजिलों के बीच लटका शख्स; दीवार तोड़कर रेस्क्यू

हैदराबाद। तेलंगाना के हैदराबाद में लिफ्ट से बाहर निकलते समय 40 वर्षीय शख्स गंभीर हादसे का शिकार हो गया। मूसेपेट के अंजनैया नगर में लिफ्ट अचानक ऊपर चली गई, जिससे उसका एक पैर लिफ्ट की ग्रिल में फंस गया। वह सेकेंड और थर्ड फ्लोर के बीच लिफ्ट और दीवार के बीच करीब डेढ़ घंटे तक फंसा रहा। हादसे में उसका पैर फ्रैक्चर हो गया।

जानकारी के मुताबिक, मुरली अपनी पत्नी के साथ ग्राउंड फ्लोर से सेकेंड फ्लोर पर पहुंचा था। दोनों लिफ्ट से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान किसी ने थर्ड फ्लोर का बटन दबा दिया। बताया जा रहा है कि लिफ्ट के सेंसर में खराबी के कारण वह कुछ ही सेकंड में ऊपर चली गई।

उस समय मुरली का एक पैर लिफ्ट के अंदर था, जबकि दूसरा सेकेंड फ्लोर की लैंडिंग पर था। लिफ्ट के ऊपर जाते ही उसका पैर ग्रिल में फंस गया और वह लिफ्ट तथा दीवार के बीच लटक गया। पत्नी के शोर मचाने पर अपार्टमेंट के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

दीवार तोड़कर निकाला गया

इसके बाद हैदराबाद डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी (HYDRAA) के कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। कुकटपल्ली में तैनात HYDRAA की DRF टीम और फायरकर्मी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने पहले लिफ्ट की दीवार का ऊपरी हिस्सा तोड़ा, ताकि मुरली तक पहुंच बनाई जा सके।

इसके बाद सैनथनगर फायर स्टाफ ने हाइड्रोलिक कटर की मदद से लिफ्ट का हिस्सा काटा। करीब 90 मिनट की मशक्कत के बाद मुरली को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान आसपास मौजूद लोग भी टीम की मदद करते नजर आए।

लिफ्ट और दीवार के बीच दबने से मुरली को गंभीर चोटें आई हैं और उसका पैर फ्रैक्चर हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद लिफ्ट की तकनीकी खराबी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button