StateNewsदेश - विदेश

निर्माणाधीन टनल पर लैंडस्लाइड: 8 मजदूरों की मौत, 19 अब भी फंसे

मलबे से बंद हुआ सुरंग का मुहाना, मीथेन गैस रिसाव की आशंका से रेस्क्यू प्रभावित; गैस मास्क के साथ चलाया जा रहा बचाव अभियान

गंगटोक। सिक्किम के नामची जिले में सोमवार को निर्माणाधीन सुरंग पर हुए भीषण लैंडस्लाइड ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। मामरिंग स्थित समरदुंग टनल का प्रवेश द्वार मलबे से पूरी तरह बंद हो गया, जिससे अंदर काम कर रहे 27 मजदूर फंस गए। अब तक 8 मजदूरों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 19 मजदूरों के अब भी सुरंग में फंसे होने की आशंका है। प्रशासन ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया है।

जिला कलेक्टर अनुपा तामलिंग ने बताया कि हादसा सोमवार दोपहर करीब 3:40 बजे हुआ। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। हालांकि सुरंग के भीतर मीथेन गैस रिसाव की आशंका और भारी मलबा बचाव अभियान में सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, रेस्क्यू के दौरान सुरंग में प्रवेश करने वाले कई बचावकर्मियों को चक्कर आने लगे, जबकि कुछ बेहोश भी हो गए। इसके बाद गैस मास्क और विशेष सुरक्षा उपकरणों के साथ बचाव अभियान जारी रखा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम बंगाल से गैस-रोधी उपकरणों से लैस विशेष रेस्क्यू टीम भी मौके पर बुलाई गई है।

प्रशासन के अनुसार सुरंग में पटेल इंजीनियरिंग के 21 और एनएचपीसी के 6 कर्मचारी काम कर रहे थे। हालांकि जिला प्रशासन का कहना है कि सुरंग में फंसे मजदूरों की वास्तविक संख्या की पुष्टि अभी की जा रही है और इसमें बदलाव संभव है।

यह निर्माणाधीन सुरंग तीस्ता स्टेज-6 हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसका निर्माण पटेल इंजीनियरिंग कंपनी कर रही है। मौके पर एंबुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात हैं, ताकि मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालते ही तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता सुरंग में फंसे मजदूरों तक सुरक्षित पहुंचना है। गैस रिसाव और लगातार मलबा गिरने के खतरे के बीच बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।

Related Articles

Back to top button