ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की बेटी किरण पिस्दा का भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में चयन; उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल कर दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ की बेटी किरण पिस्दा अब भारतीय महिला फुटबॉल टीम की जर्सी में अंतरराष्ट्रीय मैदान पर नजर आएंगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी की खिलाड़ी किरण का भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के जरिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि किरण की सफलता पर पूरे छत्तीसगढ़ को गर्व है। उनकी मेहनत और प्रतिभा ने प्रदेश का नाम रोशन किया है।

किरण का चयन इसी महीने होने वाली फीफा इंटरनेशनल मैच विंडो में रूस के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों के लिए किया गया है। पहला मैच 8 अक्टूबर को शाम 6 बजे कोलकाता के किशोर भारती क्रीड़ांगन में और दूसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा। इससे पहले किरण वर्ष 2022 में नेपाल में आयोजित एसएएफएफ महिला चैंपियनशिप में भारतीय सीनियर टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। टीम में उनका दोबारा चयन अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में उनकी वापसी के तौर पर देखा जा रहा है।

किरण को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में रायपुर की आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी की अहम भूमिका रही है। अकादमी में उन्हें नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, अनुशासित माहौल और प्रतियोगिताओं का अनुभव मिला। कोच सरिता कुजूर ने उनके तकनीकी कौशल के साथ मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास और मैच के दबाव में बेहतर निर्णय लेने पर भी काम किया।

उप मुख्यमंत्री साव ने किरण के माता-पिता, प्रशिक्षकों और अकादमी को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। खेल विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने भी किरण को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की दूसरी बालिका खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

Related Articles

Back to top button