रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026’ के तैराकी मुकाबलों का आज रोमांचक समापन हुआ। इन प्रतियोगिताओं में देश भर के आदिवासी एथलीटों ने पानी में अपनी रफ्तार का लोहा मनवाया। ओवरऑल चैंपियनशिप में पुरुष वर्ग में जहां कर्नाटक ने बाजी मारी, वहीं महिला वर्ग में ओडिशा की टीम अव्वल रही। मेज़बान छत्तीसगढ़ की टीम 8 पदकों के साथ छठे स्थान पर काबिज है।
कर्नाटक और ओडिशा का ‘पूल’ पर कब्जा
तैराकी स्पर्धाओं में पुरुष वर्ग में कर्नाटक ने 123 अंकों के साथ ‘टीम चैंपियनशिप’ का खिताब अपने नाम किया। असम 69 अंकों के साथ रनरअप रहा। वहीं, महिला वर्ग में ओडिशा की बेटियों ने कमाल करते हुए 102 अंकों के साथ गोल्ड ट्रॉफी जीती। कर्नाटक की महिला टीम 50 अंकों के साथ दूसरे और छत्तीसगढ़ 38 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
छत्तीसगढ़ की ‘गोल्डन गर्ल’ अनुष्का का जलवा
मेज़बान राज्य छत्तीसगढ़ के लिए तैराक अनुष्का भगत स्टार परफॉर्मर बनकर उभरीं। अनुष्का ने 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में शानदार प्रदर्शन करते हुए इस प्रतियोगिता का अपना लगातार चौथा रजत पदक (Silver) जीता। अनुष्का की इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ के पदक अभियान को मजबूती दी है।
किसने, कहां मारी बाजी
100 मीटर फ्रीस्टाइल (पुरुष): कर्नाटक के धोनिश ने स्वर्ण जीता।
100 मीटर फ्रीस्टाइल (महिला): ओडिशा की रितिका मिन्ज ने सोना जीता।
50 मीटर बैकस्ट्रोक (महिला): ओडिशा की अंजलि मुंडा को गोल्ड, जबकि छत्तीसगढ़ की अनुष्का को सिल्वर मिला।
रिले मुकाबला: पुरुष वर्ग में कर्नाटक और महिला वर्ग में ओडिशा की टीम ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
पदक तालिका का हाल
छत्तीसगढ़ अब तक कुल 8 पदक जीत चुका है, जिसमें 1 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। फिलहाल राज्य ओवरऑल रैंकिंग में 6वें स्थान पर बना हुआ है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि आदिवासी युवाओं के लिए शुरू किए गए इस महाकुंभ से आने वाले समय में देश को नए ओलिंपियन मिल सकते हैं।
