खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: छत्तीसगढ़ की निकिता ने जीता पहला ‘गोल्ड’; 160 किलो वजन उठाकर रचा इतिहास

रायपुर | राजधानी में आयोजित ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026’ में मेज़बान छत्तीसगढ़ का खाता स्वर्ण पदक के साथ खुल गया है। प्रदेश की होनहार खिलाड़ी निकिता ने भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ को प्रतियोगिता का पहला गोल्ड मेडल दिलाया। निकिता की इस ऐतिहासिक जीत से खेल प्रेमियों और प्रदेशवासियों में भारी उत्साह है।
77 किलो वर्ग में दिखाया ‘पावर’
निकिता ने महिलाओं के 77 किलोग्राम भारवर्ग में अपनी ताकत का लोहा मनवाया। उन्होंने स्नैच और क्लीन एंड जर्क राउंड मिलाकर कुल 160 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। निकिता के इस प्रदर्शन के सामने अन्य राज्यों की चुनौतियां फीकी नजर आईं। इस जीत के साथ ही निकिता छत्तीसगढ़ की उन चुनिंदा एथलीटों में शामिल हो गई हैं जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है।
CM साय ने सोशल मीडिया पर दी शाबाशी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निकिता की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने अपने संदेश में कहा— “शाबाश निकिता बिटिया… छत्तीसगढ़ को आप पर गर्व है।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह जीत केवल एक पदक नहीं है, बल्कि प्रदेश की बेटियों के अदम्य साहस, कठिन परिश्रम और उनके सपनों की ऊंची उड़ान का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि निकिता को देखकर राज्य की अन्य बेटियां भी खेलों की ओर आकर्षित होंगी।
पदक तालिका में बढ़ा छत्तीसगढ़ का कद
निकिता के इस गोल्ड मेडल के साथ ही छत्तीसगढ़ की पदक तालिका में स्थिति और मजबूत हो गई है। अब तक राज्य के पास 1 स्वर्ण सहित कुल 9 पदक (1 स्वर्ण, 4 रजत और 4 कांस्य) हो गए हैं। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में कुश्ती और अन्य विधाओं में भी छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी पदक जीत सकते हैं।





