छत्तीसगढ़ में ‘खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स’ का आगाज: रायपुर समेत तीन शहरों में जमेगा खेल मेला, 32 राज्यों के 3000 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

रायपुर। छत्तीसगढ़ एक बार फिर राष्ट्रीय खेल आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। प्रदेश में ‘खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स’ की तैयारियां जोरों पर हैं।
इस भव्य आयोजन में देश के 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लगभग 3000 जनजातीय खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राजधानी रायपुर के साथ-साथ बस्तर (जगदलपुर) और सरगुजा (अंबिकापुर) में भी विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
रायपुर में होंगे 5 प्रमुख खेलों के आयोजन
राजधानी रायपुर खेलो इंडिया का मुख्य केंद्र होगा, जहां पांच प्रमुख खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी:
हॉकी: सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम।
फुटबॉल: पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय मैदान और स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा।
तैराकी: अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल।
तीरंदाजी: खेल एवं युवा कल्याण विभाग का ओपन मैदान।
वेट-लिफ्टिंग: पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय का ओपन ग्राउंड।
जगदलपुर में एथलेटिक्स और अंबिकापुर में कुश्ती की धूम
खेलों के विकेंद्रीकरण के तहत बस्तर और सरगुजा संभाग में भी बड़े मुकाबले होंगे। जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स की स्पर्धाएं होंगी, वहीं अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में कुश्ती के दांव-पेच देखने को मिलेंगे। इन शहरों के खेल मैदानों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।
परंपरागत खेलों का भी लगेगा तड़का
इस बार नेशनल ट्राइबल गेम्स में आधुनिक खेलों के साथ-साथ भारत के दो पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया गया है। कबड्डी और मलखंब को ‘डेमो गेम्स’ के रूप में जगह मिली है। कबड्डी के मुकाबले रायपुर के इंडोर स्टेडियम में होंगे, जबकि मलखंब का प्रदर्शन अंबिकापुर में किया जाएगा।
मेजबान छत्तीसगढ़ की मजबूत दावेदारी
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेजबान छत्तीसगढ़ के 164 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 86 पुरुष और 78 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। मुख्यमंत्री और खेल विभाग ने भरोसा जताया है कि यह आयोजन जनजातीय प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच प्रदान करेगा और छत्तीसगढ़ की खेल संस्कृति को नई पहचान दिलाएगा।





