ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भाजपा 25 जून को मनाएगी ‘काला दिवस’, प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में बनी रणनीति

रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बुधवार को आयोजित प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में संगठन के पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी अभियानों की रूपरेखा तय की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया कि पार्टी की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हर महीने आयोजित की जाती है, जिसमें संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रदेश स्तर पर तय कार्यक्रमों को जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।

आपातकाल दिवस पर प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम

किरण सिंह देव ने घोषणा की कि भाजपा 25 जून को आपातकाल की वर्षगांठ पर पूरे प्रदेश में ‘काला दिवस’ मनाएगी। इस अवसर पर मशाल जुलूस, रैलियां, संगोष्ठियां और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को यह जानकारी देना आवश्यक है कि आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों पर किस तरह अंकुश लगाया गया था और विपक्षी नेताओं को जेलों में बंद किया गया था।

योजनाओं के प्रचार और संगठन विस्तार पर जोर

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और आगामी अभियानों को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए किरण सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस नेता बिना जानकारी के भ्रामक बयान देकर गलत माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन लगातार जनता के बीच सक्रिय रहकर विकास और सुशासन के मुद्दों पर काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button