ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी, समाज को दिशा देने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण : सीएम साय

रायपुर। रायपुर। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर परिसर के सुंदर सदन में आयोजित ‘पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव’ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों को लोकतंत्र का सच्चा सेनानी बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी लगातार कार्य करते हुए समाज तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाते हैं तथा जनमत निर्माण के साथ समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया की सकारात्मक आलोचना किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाती है। इससे सरकार और प्रशासन को आत्ममंथन का अवसर मिलता है और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा की साक्षी रही है।

उन्होंने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि 30 मई 1826 को प्रकाशित देश के पहले हिंदी समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ ने भारतीय पत्रकारिता की मजबूत नींव रखी थी। दो सौ वर्षों की यह यात्रा राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरण और जनचेतना के लिए समर्पित रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान महात्मा गांधी, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, माधवराव सप्रे और सुभाषचंद्र बोस जैसे नेताओं ने पत्रकारिता को जनजागरण का प्रभावी माध्यम बनाया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का नाम भी भारतीय पत्रकारिता के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने मधुकर खेर, मायाराम सुरजन, ललित सुरजन, रमेश नैय्यर और बबन प्रसाद मिश्र जैसे वरिष्ठ पत्रकारों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आज मीडिया बस्तर में हो रहे सकारात्मक बदलाव, विकास और पर्यटन की संभावनाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाकर प्रदेश की नई पहचान गढ़ रहा है।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. के.जी. सुरेश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया तथा कई प्रकाशनों का विमोचन भी किया।

Related Articles

Back to top button