ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

‘केंद्र सरकार के बजट से छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी हवाई-रेलवे सेवा’: केंद्रीय मंत्री खट्टर

केंद्रीय मंत्री खट्टर बोले- रेलवे स्टेशनों का होगा पुनर्निर्माण; नेशनल हाईवे कॉरिडोर से सुधरेगी कनेक्टिविटी

रायपुर। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि केंद्र सरकार के बजट से छत्तीसगढ़ में हवाई, रेल और सड़क कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। रविवार को रायपुर के सिविल लाइन स्थित न्यू सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने बताया कि राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर केंद्र सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है।

खट्टर ने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही जर्मनी को पीछे छोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह मजबूत आर्थिक नीतियों और विकासोन्मुखी बजट का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है।

उन्होंने बताया कि उड़ान योजना के तहत छत्तीसगढ़ में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाई जा रही है। जगदलपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर से हवाई सेवाएं शुरू की गई हैं। साथ ही रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल को कृषि उड़ान योजना में शामिल किया गया है, जिससे कृषि उत्पादों का तेजी से परिवहन संभव होगा और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

सड़क कनेक्टिविटी को लेकर खट्टर ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से छत्तीसगढ़ में 3,400 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया गया है। भारतमाला परियोजना के तहत 571 किलोमीटर से अधिक नेशनल हाईवे कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है, जिससे राज्य की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

रेलवे क्षेत्र में भी बड़े बदलाव होंगे। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों का पुनर्निर्माण किया जाएगा, वेयरहाउसिंग सुविधाओं का विस्तार होगा और डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 10 हजार करोड़ और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिससे औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

Related Articles

Back to top button