तेज रफ्तार बस पलटी, एक की मौत; पांच घायल

चेन्नई। तमिलनाडु में चेन्नई से करूर जा रही एक प्राइवेट बस रविवार सुबह हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना तिरुचि-चेन्नई हाईवे पर हुई, जहां तेज रफ्तार में चल रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा ड्राइवर को नींद आने के कारण हुआ, जिससे वह बस पर से नियंत्रण खो बैठा।
हादसे के वक्त बस में कई यात्री सवार थे। बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। क्रेन की मदद से पलटी बस को हटाया गया। दुर्घटना के कारण तिरुचि-चेन्नई हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर ड्राइवर की लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।





