ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने अधिकारियों को निर्देश, प्रदेश में एलपीजी-पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रदेश में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में एलपीजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

इसके लिए सभी जिलों के कलेक्टर और संबंधित विभागों को गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कमी की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह भी निर्देश दिए हैं कि यदि कहीं गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहते हुए आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही रसोई गैस की बुकिंग करें।

उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता को जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button