ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

न्यू महाराणा ITI को लेकर शिकायत: मान्यता प्राप्त ट्रेड के अलावा प्रवेश देने का आरोप, NSUI ने जांच की मांग की

बिलासपुर। लोधीपारा स्थित न्यू महाराणा आईटीआई के संचालन को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। NSUI छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव रंजेश सिंह ने संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाएं, बिलासपुर को शिकायत सौंपकर संस्थान की निष्पक्ष जांच कराने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संस्थान में मान्यता प्राप्त ट्रेड के अलावा अन्य ट्रेडों में भी विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है और कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इसके लिए संस्थान की ओर से बोर्ड और पंपलेट के जरिए प्रचार-प्रसार किए जाने की भी जानकारी दी गई है। NSUI ने विभाग से संस्थान में संचालित सभी ट्रेडों की मान्यता और संबद्धता की जांच करने की मांग की है।

बेसमेंट में संचालन और भवन की सुरक्षा पर सवाल

रंजेश सिंह ने संस्थान के भवन को लेकर भी कई गंभीर सवाल उठाए हैं। शिकायत में बेसमेंट में संस्थान के संचालन, जर्जर भवन, सीपेज, फायर सेफ्टी और आपातकालीन निकासी व्यवस्था का मुद्दा उठाया गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी विषयों का सीधा संबंध विद्यार्थियों की सुरक्षा से है।

तत्काल स्थल निरीक्षण की मांग

NSUI प्रदेश सचिव ने विभाग से संस्थान का तत्काल स्थल निरीक्षण कराने की मांग की है, ताकि भवन की वास्तविक स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच हो सके। साथ ही उन्होंने मान्यता प्राप्त ट्रेडों और संस्थान की संबद्धता से जुड़े दस्तावेजों की भी विभागीय स्तर पर जांच करने को कहा है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि नियमों के विपरीत संचालन या सुरक्षा मानकों में कमी पाई जाती है, तो विद्यार्थियों के हित में आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल शिकायत के बाद विभागीय जांच और स्थल निरीक्षण पर नजर है।

Related Articles

Back to top button