ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में मीडियाकर्मी का मोबाइल लूटकर भागे 3 बदमाश, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे राजेंद्र सिंह; बाइक सवार आरोपियों ने अचानक छीना फोन, दिवाली के आसपास मोबाइल लूट की दूसरी वारदात

रायपुर। राजधानी रायपुर में दिवाली के आसपास मोबाइल लूट की घटनाएं बढ़ती नजर आ रही हैं। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन बदमाश एक मीडियाकर्मी का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना उस समय हुई, जब पीड़ित राजेंद्र सिंह ड्यूटी खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे। शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र सिंह अपने कार्यालय के पास बाइक रोककर किसी से मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि राजेंद्र सिंह कुछ समझ पाते, बदमाशों ने अचानक उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित को आरोपियों को पकड़ने या विरोध करने का मौका नहीं मिला।

CCTV कैमरों से आरोपियों की पहचान की कोशिश

घटना के बाद पीड़ित ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों के हुलिए और भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल तीनों बदमाशों की पहचान नहीं हो पाई है।

एयर होस्टेस का भी लूटा था आईफोन

दिवाली के आसपास मोबाइल लूट की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 4 नवंबर की रात मुजगहन थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी से जा रही एक एयर होस्टेस का आईफोन लूट लिया था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहर में राह चलते लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों की तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button