StateNewsदेश - विदेश

देशभर में बारिश का असर: MP में 7 की मौत, छत्तीसगढ़ में बिजली गिरी; केदारनाथ यात्रा भी रुकी

दिल्ली। मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है, लेकिन कई राज्यों में बारिश से जुड़े हादसे और मौसम की चेतावनी जारी है। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा में तेज बारिश के बाद उफनते नाले में कार बहने से ओडिशा के एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई। सभी उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर जा रहे थे। वहीं छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत और 3 के घायल होने की खबर है।

MP में नाले में बही कार, एक परिवार के 7 लोगों की मौत

आगर-मालवा जिले में शनिवार को तेज बारिश के बाद नाले में पानी का बहाव अचानक बढ़ गया। इसी दौरान एक कार उफनते नाले में बह गई। कार में सवार ओडिशा के एक परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों में फिर बारिश का दौर तेज होने का अनुमान है। भोपाल में कलियासोत और भदभदा डैम के गेट खोले गए हैं। ब्यावरा में नदी-नाले उफान पर हैं और बाढ़ जैसे हालात बने हैं।

छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से 4 की मौत

जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हुए हैं। राज्य में रविवार को रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, कबीरधाम, राजनांदगांव और बीजापुर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।

केदारनाथ पैदल मार्ग पर लैंडस्लाइड, यात्रा रोकी

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर चिरबासा के पास लैंडस्लाइड के कारण यात्रा प्रभावित हुई। पहाड़ी से बड़े पत्थर गिरने के चलते प्रशासन ने सुबह 9 बजे तक यात्रियों की आवाजाही रोक दी और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोका गया। इसके बाद स्थिति सामान्य होने पर यात्रा दोबारा शुरू कर दी गई।

राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू

मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान से मानसून की विदाई दो दिन की देरी से 19 सितंबर से शुरू हुई। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून पीछे हट रहा है। अगले 3-4 दिनों में पंजाब और सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी की संभावना है। इससे इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होंगी।

Related Articles

Back to top button