ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के 24.59 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 498.48 करोड़ रुपए

PM किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, अब तक प्रदेश के किसानों को मिले 11,776 करोड़ रुपए से ज्यादा

रायपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 59 हजार 707 किसानों के बैंक खातों में 498 करोड़ 48 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम से देशभर के 9 करोड़ 34 लाख से अधिक किसानों के खातों में 18 हजार 690 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। इस मौके पर रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक संबल बन रही है। इससे बीज, खाद और खेती से जुड़ी दूसरी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। योजना के तहत छत्तीसगढ़ के किसानों को अब तक 24 किस्तों में 11 हजार 776 करोड़ 50 लाख रुपए से अधिक दिए जा चुके हैं।

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र भी स्वीकृत किए गए हैं।

अर्नब से प्रभावित किसानों को मिलेगा मुआवजा

मुख्यमंत्री ने कहा कि चक्रवात अर्नब से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश कलेक्टरों को दिए गए हैं। सर्वे के आधार पर प्रभावित किसानों को आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के अनुसार राहत राशि दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक खेती, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्यपालन को भी प्रोत्साहित कर रही है।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत पात्र परिवारों को सालाना 10 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। वहीं, मंत्री गुरु खुशवंत साहब ने फसल विविधीकरण को किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

Related Articles

Back to top button