छत्तीसगढ़ChhattisgarhStateNews

सड़क हादसा: खड़ी ट्रक से टकराई बाइक, 3 युवकों की मौत, ग्रामीणों ने वाहन में लगाई आग

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक खड़ी ट्रक से बाइक की भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी बाइक जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल चौथे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले के पीछे ट्रक चालक की लापरवाही मुख्य कारण रही। घटना से पहले ट्रक चालक ने कथित रूप से एक कार को टक्कर मारी थी और इसके बाद ट्रक को सड़क पर ही लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया था। इसी लापरवाही के चलते यह बड़ा हादसा हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। शिवपुर क्षेत्र के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और गुस्से में ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।

प्रतापपुर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल को अपने कब्जे में लिया और हालात को काबू में किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button