आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: हाईवा और बस की टक्कर के बाद भड़की आग, 10 यात्री जिंदा जले

मार्कपुरम। आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है।
रायवरम के पास लकड़ी की खदानों के समीप एक तेज रफ्तार हाईवा (ट्रक) ने प्राइवेट बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में अचानक आग लग गई, जिसमें बस में सवार 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
तेज रफ्तार बनी काल, पलक झपकते ही खाक हुई बस
जानकारी के अनुसार, ‘हरिकृष्णा ट्रैवल्स’ की यह बस तेलंगाना के निर्मल से नेल्लोर की ओर जा रही थी।
रायवरम के पास विपरीत दिशा से आ रहे हाईवा ने बस को टक्कर मारी, जिससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। पलटने के साथ ही बस के डीजल टैंक में विस्फोट हुआ और पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। यात्रियों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला।
हताहतों का विवरण और राहत कार्य
हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। 10 यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर कनिगिरी और पामुर इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
करीब 20 यात्री गंभीर रूप से झुलसे हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 12 अन्य को मामूली चोटें आई हैं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दमकल कर्मियों के पहुँचने से पहले ही बस और हाईवा पूरी तरह जलकर राख हो गए।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस भीषण दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है।





