ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

किसानों को बड़ी राहत, खरीफ 2026 में मिलेगा एकमुश्त यूरिया; 80% वितरण सीमा हटाई गई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर राज्य सरकार ने खरीफ सीजन 2026 में किसानों को बड़ी राहत दी है। जांजगीर-चांपा जिले में सहकारी समितियों के माध्यम से यूरिया वितरण पर लागू 80 प्रतिशत की सीमा समाप्त कर दी गई है। अब किसानों को पिछले वर्ष की तरह उनकी पात्रता के अनुसार एकमुश्त यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें बार-बार समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि खरीफ 2026 में किसानों को खरीफ 2025 में मिली यूरिया की मात्रा के अनुरूप खाद का वितरण किया जाएगा। यदि संबंधित सहकारी समिति में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होगा तो किसानों को एक साथ पूरी मात्रा में यूरिया दिया जाएगा। किसी समिति में स्टॉक कम होने की स्थिति में शेष मात्रा उपलब्ध होते ही किसानों को वितरित कर दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से किसानों को समय पर आवश्यक उर्वरक मिल सकेगा और खेती की तैयारियों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। समय पर यूरिया उपलब्ध होने से बुवाई और अन्य कृषि कार्य सुचारु रूप से पूरे होंगे, जिससे फसल उत्पादन में भी सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।

कृषि विभाग के अनुसार राज्य सरकार किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ वितरण व्यवस्था को भी सरल बनाया जा रहा है, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

सरकार का मानना है कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए किसानों तक समय पर खाद, बीज और अन्य आवश्यक संसाधन पहुंचाना सबसे महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। इससे न केवल किसानों की लागत और समय की बचत होगी, बल्कि खेती की उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसान हित सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे फैसले लिए जाते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button