ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

हनी ट्रैप: बर्थडे पार्टी में युवक को बुलाया, महिला मित्र से संबंध बनवाए; छिपकर वीडियो बनाकर मांगे 1 लाख

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हनी ट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

यहां एक महिला ने अपने बेटे के जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर युवक को घर बुलाया और फिर उसकी महिला मित्र के साथ अंतरंग पल का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने लगी। आरोपी महिला युवक से 1 लाख रुपए की मांग कर रही थी। परेशान होकर युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार केंवतरा आवासपारा निवासी 33 वर्षीय नोहर कुमार सूर्यवंशी निजी नौकरी करता है। युवक की पहचान पास के गांव में रहने वाली एक महिला से थी। महिला ने 1 फरवरी को अपने बेटे के जन्मदिन के बहाने युवक को घर बुलाया। उस समय वहां उसकी एक परिचित महिला भी मौजूद थी।

युवक का आरोप है कि घर में पहले से ही एक कमरा खाली रखा गया था। महिला ने उसे और उसकी महिला मित्र को उसी कमरे में भेज दिया। इसी दौरान दोनों के बीच अंतरंग संबंध बने। आरोप है कि इसी समय घर की महिला ने छिपकर दोनों का वीडियो बना लिया।

कुछ दिनों बाद आरोपी महिला ने युवक के मोबाइल पर वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजा और बताया कि उसके पास पूरा वीडियो मौजूद है। इसके बाद उसने युवक से 1 लाख रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने सोमवार को पचपेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस को आशंका है कि युवक के साथ कमरे में गई महिला की भी इस साजिश में भूमिका हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button