ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मंत्रालय के बाहर किसानों का हाई वोल्टेज प्रदर्शन: पुलिस से धक्का-मुक्की, कई हिरासत में

रायपुर। नकली खाद, नकली कीटनाशकों की बिक्री और कथित कालाबाजारी के विरोध में शनिवार को राजधानी रायपुर में किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। बालोद, राजनांदगांव, कांकेर, मोहला-मानपुर सहित कई जिलों से पहुंचे हजारों किसानों ने मंत्रालय का घेराव करने की कोशिश की। आंदोलन का नेतृत्व किसान नेता शिव शंकर गौर कर रहे थे।

प्रदर्शनकारी किसानों का आरोप है कि प्रदेश में नकली खाद और कीटनाशकों की बिक्री से फसलें खराब हो रही हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कृषि विभाग और प्रशासन दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। किसानों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई, कालाबाजारी पर रोक और प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग उठाई।

मंत्रालय की ओर बढ़ रहे किसानों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मौके पर तनाव बढ़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए बल प्रयोग किया। इसके बाद बड़ी संख्या में किसानों को पुलिस वाहनों में बैठाकर तूता स्थित अस्थायी निरुद्ध केंद्र ले जाया गया।

किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय प्रशासन ने उनके साथ सख्ती बरती। आंदोलनकारियों का कहना है कि यदि सरकार ने नकली खाद और कीटनाशकों के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की और किसानों की मांगें नहीं मानीं, तो आने वाले दिनों में प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान मंत्रालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

Related Articles

Back to top button