StateNewsदेश - विदेश

भारी बारिश का कहर: मोनोरेल हादसा, इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी; CM ने जांच के आदेश

मुंबई। मुंबई में लगातार भारी बारिश ने लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी है। इस बीच, इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए खास ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। कंपनी ने चेतावनी दी है कि मुंबई में बारिश की वजह से हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है और उड़ानों में देरी हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे फ्लाइट शेड्यूल पहले से जांचें, रास्ते में पानी भरने और ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखें, और रजिस्टर्ड संपर्क विवरण अपडेट रखें।

महाराष्ट्र आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में राज्य में बारिश और बाढ़ से 6 लोगों की मौत हो चुकी है और नांदेड जिले में 5 लोग लापता हैं। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 18 एनडीआरएफ और 6 एसडीआरएफ टीमें तैनात हैं। नांदेड के मुखेड तालुका से 293 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। बीड में 1, मुंबई में 1 मौत और 3 घायल हुए, जबकि नांदेड में 4 की मौत और 5 लापता हैं।

मुंबई मोनोरेल हादसा मंगलवार शाम मैसूर कॉलोनी के पास भक्ति पार्क और चेंबूर स्टेशनों के बीच हुआ। ट्रेन में अधिक भीड़ और बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण खराबी आई। इससे 582 यात्री फंस गए। रेस्क्यू टीम ने स्नोर्कल वाहनों और बीस्ट बसों की मदद से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से 23 यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिन्हें मौके पर इलाज के बाद घर भेजा गया, जबकि 2 मरीजों को सायन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

बचाए गए यात्री सागर शिंदे ने बताया कि ट्रेन में एअर-कंडीशनिंग बंद होने और अधिक भीड़ के कारण दम घुट रहा था। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मोनोरेल हादसे की जांच के आदेश दिए और सभी यात्रियों की सुरक्षा की पुष्टि की। एमएमआरडीए ने भी बताया कि ट्रेन में यात्रियों की संख्या तय क्षमता से अधिक थी, जिससे यह घटना हुई। बारिश की वजह से मुंबई के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है, और यातायात, रेल और हवाई सेवाओं पर असर पड़ रहा है। राज्य प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी हैं।

Related Articles

Back to top button