छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन भारी बारिश के आसार: बेमेतरा में दीवार गिरने से 2 बच्चियों की मौत, सुकमा में आकाशीय बिजली से युवक की जान गई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब रफ्तार पकड़ने लगा है।
विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कई जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है।
बारिश के बीच रविवार को बेमेतरा और सुकमा से दर्दनाक हादसों की खबरें सामने आईं। बेमेतरा जिले के राऊरपुर गांव में लगातार बारिश के कारण एक कच्चे मकान की दीवार ढह गई।
हादसे के समय घर के आंगन में खेल रहीं दो सगी बहनें वंशिका कोसले (12) और राधिका कोसले (9) मलबे में दब गईं। दोनों को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे में एक महिला भी घायल हुई है। बताया गया कि परिवार ने नया मकान बना लिया था, लेकिन पुराने कच्चे घर की दीवार नहीं हटाई गई थी, जो बारिश में भरभराकर गिर गई।
वहीं सुकमा जिले के कुकानार गांव में खेत से लौटने के बाद बारिश से बचने के लिए इमली के पेड़ के नीचे बैठे युवकों पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में अजय नाग (18) की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
प्रदेश के 18 से अधिक जिलों में मानसून पहुंच चुका है, जबकि शेष जिलों में अगले 48 घंटे के भीतर इसकी दस्तक होने की संभावना है। हालांकि बस्तर संभाग में मानसून सक्रिय होने के बावजूद अब तक सामान्य से 48 से 54 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।





