ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में शुरू होगा ‘हर-घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान: 23,500 स्कूलों में लगेंगे पौधे, मिड-डे मील में मिलेगी मुनगा भाजी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कुपोषण और एनीमिया की समस्या से निपटने के लिए राज्य सरकार ‘हर-घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान शुरू करेगी। इसके तहत प्रदेश के घरों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, आश्रमों और छात्रावासों में मुनगा (सहजन) के पौधे लगाए जाएंगे।

अभियान के अंतर्गत फरवरी-मार्च में पौधों का निःशुल्क वितरण कर रोपण कराया जाएगा। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई बैठक में इसकी रूपरेखा तय की गई।

मुनगा की पत्तियों और फलियों में आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन और विटामिन ए व सी जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इन्हें भोजन में शामिल करने से पोषण स्तर बेहतर करने में मदद मिल सकती है। अभियान में विशेष रूप से कुपोषित बच्चों और गर्भवती महिलाओं तक पोषण संबंधी जागरूकता पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

23,500 स्कूलों में बनेगी पोषण वाटिका

अभियान के तहत प्रदेश के करीब 23 हजार 500 स्कूलों में मुनगा के पौधे लगाए जाएंगे। यहां शाला पोषण वाटिका विकसित की जाएगी और मध्याह्न भोजन में मुनगा भाजी शामिल करने की योजना है। आंगनबाड़ी केंद्रों में भी पौधों के रोपण के साथ पोषण शिक्षा और निगरानी की जाएगी।

फरवरी-मार्च में घर-घर पहुंचेंगे पौधे

मुनगा के पौधे उद्यानिकी, कृषि एवं किसान कल्याण और वन विभाग की नर्सरियों में तैयार किए जाएंगे। इन्हें फरवरी से मार्च के दौरान वितरित कर रोपित किया जाएगा। सभी जिलों के कलेक्टर अभियान की निगरानी करेंगे। पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और उनके जीवित रहने की स्थिति पर नजर रखने के लिए डिजिटल जियो-टैगिंग और लाइव डैशबोर्ड का उपयोग किया जाएगा।

कई विभाग मिलकर करेंगे काम

महिला एवं बाल विकास विभाग अभियान का नोडल विभाग होगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ग्राम पंचायतों और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से लोगों को जोड़ेगा। वहीं कृषि और उद्यानिकी विभाग पौधों की गुणवत्ता, रोपण तकनीक और देखभाल में सहयोग देंगे। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button