StateNewsदेश - विदेश

MP-राजस्थान समेत 5 राज्यों में बारिश के साथ ओले गिरे:हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के द्रास में बर्फबारी

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। 30 मार्च से शुरू हुआ यह सिलसिला 5 अप्रैल तक जारी रहने का अनुमान है। सोमवार और मंगलवार को मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई और ओले गिरे।

उत्तर भारत के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में सर्दी ने फिर दस्तक दी है। हिमाचल प्रदेश के रोहतांग में अटल टनल के पास और लद्दाख के द्रास में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे इलाकों में भी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह घनी धुंध छाई रही, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हुई।

ओलावृष्टि और फसलों को नुकसान
मध्य प्रदेश व राजस्थान: मध्य प्रदेश के 8 जिलों में ओले गिरे, जिससे तापमान में गिरावट आई है। राजस्थान के कोटा और अलवर समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के कारण तापमान 6 डिग्री तक लुढ़क गया।

उत्तर प्रदेश व हरियाणा: यूपी के 40 जिलों में बारिश और 40 kmph की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है। हरियाणा और पंजाब में भी बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बारिश की संभावना है, जिससे कटी हुई फसलों को नुकसान का डर बना हुआ है। महाराष्ट्र व छत्तीसगढ़: पुणे और बिलासपुर जैसे क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि हुई है।

बारिश का अलर्ट चार राज्यों में

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में पूर्वोत्तर भारत (असम, मेघालय, नगालैंड) में भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, 2 अप्रैल को पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। दक्षिण भारत के राज्यों जैसे केरल और कर्नाटक में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वैज्ञानिकों का कहना है कि टर्फ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण 3 अप्रैल तक मौसम में यह अस्थिरता बनी रहेगी।

Related Articles

Back to top button