StateNewsखेलदेश - विदेश

गुरिंदरवीर बने भारत के सबसे तेज धावक: 10.09 सेकेंड में पूरी की 100 मीटर रेस, बोले- भारतीयों के जीन कमजोर नहीं

दिल्ली। रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में शनिवार को भारतीय एथलेटिक्स इतिहास का नया अध्याय लिखा गया।

पंजाब के 25 वर्षीय स्प्रिंटर गुरिंदरवीर सिंह ने एथलेटिक्स फेडरेशन कप में पुरुषों की 100 मीटर दौड़ महज 10.09 सेकेंड में पूरी कर नया नेशनल रिकॉर्ड बना दिया। इसके साथ ही वे भारत के सबसे तेज धावक बन गए हैं।

यह पहली बार है, जब किसी भारतीय एथलीट ने 100 मीटर रेस 10.10 सेकेंड से कम समय में पूरी की है। फिनिश लाइन पार करते ही गुरिंदरवीर भावुक नजर आए।

उन्होंने सीने पर लगा बिब नंबर फाड़ दिया और जोश में ट्रैक पर अपने जूते फेंक दिए। बाद में उन्होंने कहा, “लोग कहते थे कि भारतीयों में 100 मीटर दौड़ने के जीन नहीं हैं। मैं सबको गलत साबित करना चाहता था। भारतीय जीन बहुत मजबूत हैं और यह सिर्फ शुरुआत है।”

गुरिंदरवीर का यह प्रदर्शन पूरे एशिया में भी चर्चा का विषय बन गया है। इस सीजन में उनका समय एशिया का दूसरा सबसे तेज समय है। उनसे आगे सिर्फ जापान के फुकुतो कोमुरो हैं, जिन्होंने 10.08 सेकेंड का समय निकाला था। गुरिंदरवीर ने 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के क्वालिफिकेशन मार्क 10.16 सेकेंड को भी आसानी से पार कर लिया।

प्रतियोगिता में सबसे रोमांचक मुकाबला गुरिंदरवीर और ओडिशा के धावक Animesh Kujur के बीच देखने को मिला। शुक्रवार को सेमीफाइनल में पहले गुरिंदरवीर ने 10.17 सेकेंड का समय निकालकर रिकॉर्ड तोड़ा, लेकिन महज पांच मिनट बाद अनिमेष ने 10.15 सेकेंड दौड़कर रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

हालांकि फाइनल में गुरिंदरवीर ने शानदार वापसी करते हुए अनिमेष को 0.11 सेकेंड से पीछे छोड़ दिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय एथलेटिक्स को नया सितारा मिल गया है और अब गुरिंदरवीर से अंतरराष्ट्रीय मंच पर बड़ी उम्मीदें जुड़ गई हैं।

Related Articles

Back to top button