गुजरात ने चेन्नई को 89 रन से रौंदा, लगातार तीसरे सीजन प्लेऑफ से बाहर हुई CSK

दिल्ली। पांच बार की IPL चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स लगातार तीसरे सीजन प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। गुरुवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई को 89 रन से करारी शिकस्त दी।
गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन बनाए, जवाब में चेन्नई की टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर ऑलआउट हो गई।
गुजरात की जीत में साई सुदर्शन, कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर ने अहम भूमिका निभाई। सुदर्शन ने 53 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
वहीं गिल ने सिर्फ 37 गेंदों में 64 रन बनाए और दोनों ने पहले विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी की। आखिरी ओवरों में बटलर ने 27 गेंदों पर नाबाद 57 रन ठोककर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर संजू सैमसन गोल्डन डक का शिकार हो गए। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड और उर्विल पटेल भी जल्दी आउट हो गए। टीम लगातार विकेट गंवाती रही और दबाव में आ गई।
हालांकि शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 47 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच में वापसी की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास समर्थन नहीं मिला। मैथ्यू शॉर्ट ने 24 और अंशुल कंबोज ने 19 रन बनाए।
गुजरात की ओर से मोहम्मद सिराज, राशिद खान और कगिसो रबाडा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके। मैच के बाद चेन्नई कप्तान ऋतुराज गायकवाड ने माना कि टीम को एमएस धोनी की कमी महसूस हुई। धोनी अंगूठे की चोट के कारण रांची लौट गए हैं।



