StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

चिंतन शिविर 3.0: योग से हुई नई शुरुआत, मुख्यमंत्री साय ने दिया स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को चिंतन शिविर 3.0 के दूसरे दिन की शुरुआत योगाभ्यास के साथ की। नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित विशेष योग सत्र में मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। योग व्यक्ति को सकारात्मक सोच के साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशील भी बनाता है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित समाज और समृद्ध राज्य की नींव होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन और प्रभावी निर्णय क्षमता के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है। इसी सोच के साथ चिंतन शिविर में दिन की शुरुआत योग से की गई, ताकि सकारात्मक ऊर्जा और एकाग्रता के साथ राज्य के विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा की जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। यह तनाव कम करने, कार्यक्षमता बढ़ाने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक योगाभ्यास से चिंतन शिविर को नई ऊर्जा मिलेगी और राज्यहित से जुड़े निर्णयों में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होगा।

योग सत्र में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित आईआईएम रायपुर के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button