StateNewsदेश - विदेश

GST की डिप्टी कमिश्नर 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार: विजिलेंस टीम ने रेस्टोरेंट में बिछाया जाल, भागने की भी की कोशिश

बनारस। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने राज्य कर (GST) विभाग की डिप्टी कमिश्नर अंबिका को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर एक व्यापारी की जीएसटी फाइल के निस्तारण और रिटर्न से जुड़े मामले में रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, व्यापारी ने विजिलेंस विभाग से शिकायत की थी कि फरवरी 2023 के जीएसटी रिटर्न और लंबित फाइल को निपटाने के बदले डिप्टी कमिश्नर 50 हजार रुपए की मांग कर रही हैं। शिकायत की पुष्टि होने के बाद वाराणसी विजिलेंस टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।

बुधवार शाम करीब 6:30 बजे चेतगंज स्थित दादा रेस्टोरेंट में रिश्वत की रकम देने का समय तय किया गया। जैसे ही व्यापारी ने 50 हजार रुपए दिए, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने अंबिका को रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने मौके से भागने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उन्होंने टीम के चार दारोगाओं से हाथापाई भी की और आसपास मौजूद लोगों से खुद को बचाने की गुहार लगाई। हालांकि विजिलेंस अधिकारियों ने उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया।

कार्रवाई के बाद आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। विजिलेंस टीम अब मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या रिश्वतखोरी के इस मामले में अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल हैं।

इस कार्रवाई को राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button