ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राष्ट्रमंडल खेल 2026 की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में भव्य अभिनंदन

सीएम विष्णुदेव साय ने 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न DSP बनाने की घोषणा की

रायपुर। ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

ऐतिहासिक उपलब्धि पर मिला बड़ा सम्मान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी को उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई देते हुए 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी (DSP) पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान प्रदेश की प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प का सम्मान है। ज्ञानेश्वरी की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी।

युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराया है। उनकी यह सफलता राज्य के युवाओं और विशेषकर बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। मुख्यमंत्री ने स्मरण किया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले भी उन्होंने ज्ञानेश्वरी को शुभकामनाएं दी थीं और पदक जीतने के तुरंत बाद वीडियो कॉल से बधाई भी दी थी।

खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने का संकल्प

राज्य सरकार प्रदेश में आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार की खेल नीति का मुख्य आधार प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें बेहतर अवसर देना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना है।

ज्ञानेश्वरी यादव जैसी खिलाड़ियों का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन नई पीढ़ी का आत्मविश्वास बढ़ाएगा और आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी खेल राज्य बनाने में मदद करेगा।

Related Articles

Back to top button