ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बीएससी एग्रीकल्चर ग्रेजुएट ग्रेसी बनीं मिसाल, 400 से अधिक सूकरों के साथ खड़ा किया आधुनिक फार्म; पहली बिक्री में 3.9 लाख की कमाई

रायपुर। बस्तर की एक युवा महिला ने नौकरी की राह छोड़कर स्वरोजगार का ऐसा मॉडल तैयार किया है, जो अब पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।

बकावंड विकासखंड के किंजोली गांव की रहने वाली बीएससी एग्रीकल्चर स्नातक ग्रेसी दुग्गा ने आधुनिक सूकरपालन अपनाकर एक करोड़ रुपये से अधिक लागत का फार्म स्थापित किया है।

केंद्र सरकार की नेशनल लाइव स्टॉक मिशन योजना के तहत मिली 30 लाख रुपये की सब्सिडी और पशु चिकित्सा विभाग के तकनीकी सहयोग से आज उनके फार्म में 400 से अधिक सूकर हैं।

ग्रेसी ने वर्ष 2023 में देहरादून से बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा या नौकरी की बजाय उन्होंने कृषि और पशुपालन आधारित उद्यम शुरू करने का निर्णय लिया।

बस्तर क्षेत्र में सूकर मांस की बढ़ती मांग और व्यावसायिक स्तर पर सीमित प्रतिस्पर्धा को देखते हुए उन्होंने आधुनिक सूकरपालन को अपने करियर का आधार बनाया।

पशु चिकित्सा विभाग के मार्गदर्शन में 1 करोड़ 12 लाख 10 हजार रुपये की परियोजना तैयार की गई, जिसे नेशनल लाइव स्टॉक मिशन के तहत मंजूरी मिली।

अनुसूचित जनजाति वर्ग की लाभार्थी होने के कारण उन्हें 30 लाख रुपये की सब्सिडी मिली। ग्रेसी का कहना है कि यदि सरकारी सहायता नहीं मिलती, तो वे केवल 20-25 सूकरों के साथ छोटे स्तर पर काम शुरू कर पातीं।

मई 2025 में फार्म की शुरुआत 110 प्रजनन योग्य सूकरों से हुई थी, जिनमें 100 मादा और 10 नर शामिल थे।

पशुपालन विभाग और विशेषज्ञों की सलाह पर तमिलनाडु से उन्नत नस्ल के सूकर लाए गए तथा वैज्ञानिक तरीके से टीकाकरण, पोषण और स्वास्थ्य प्रबंधन किया गया।

जून 2026 तक फार्म में 202 वयस्क प्रजनन योग्य सूकर और लगभग 206 पिगलेट तैयार हो चुके हैं।

इस तरह वर्तमान में फार्म में 400 से अधिक सूकर मौजूद हैं।

ग्रेसी के फार्म से अब रायपुर सहित अन्य बाजारों में उन्नत नस्ल के पिगलेट्स की आपूर्ति शुरू हो चुकी है।

हाल ही में उन्होंने 65 पिगलेट 6 हजार रुपये प्रति पिगलेट की दर से बेचकर 3.90 लाख रुपये की आय अर्जित की।

उनकी सफलता यह साबित करती है कि आधुनिक तकनीक, सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिक प्रबंधन के साथ पशुपालन भी युवाओं के लिए लाभदायक और स्थायी स्वरोजगार का मजबूत विकल्प बन सकता है।

Related Articles

Back to top button