StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

सोना 708 रुपए और चांदी 386 रुपए सस्ती: 10 ग्राम गोल्ड 1.52 लाख पर पहुंचा, निवेशकों के लिए खरीदारी का मौका

नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में 14 अगस्त को गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 708 रुपए घटकर 1,52,363 रुपए पर पहुंच गई। इससे पहले 13 अगस्त को सोना 1,53,071 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

वहीं, चांदी की कीमत में भी गिरावट देखने को मिली। एक किलो चांदी 386 रुपए सस्ती होकर 2,33,842 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। इससे एक दिन पहले चांदी का भाव 2,34,228 रुपए प्रति किलो था।

इस साल सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 1.33 लाख रुपए थी, जो 29 जनवरी 2026 को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। हालांकि, इसके बाद कीमतों में गिरावट का दौर शुरू हुआ और अब तक सोना अपने उच्चतम स्तर से 23,758 रुपए सस्ता हो चुका है।

चांदी की कीमतों में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 को चांदी 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी, जो 29 जनवरी को बढ़कर 3.86 लाख रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी। इसके बाद कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की गई और 197 दिनों में चांदी करीब 1.52 लाख रुपए सस्ती हो गई।

विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा समय निवेशकों के लिए अच्छा अवसर हो सकता है। कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के अनुसार, सोना और चांदी अपने उच्चतम स्तर से काफी नीचे आ चुके हैं। ऐसे में निवेशक चरणबद्ध तरीके से निवेश कर सकते हैं। उनका अनुमान है कि साल के अंत तक सोना फिर से 1.60 लाख रुपए और चांदी 2.80 लाख रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकती है।

विशेषज्ञों ने सोना खरीदने से पहले बीआईएस हॉलमार्क की जांच करने और कीमत को विभिन्न स्रोतों से सत्यापित करने की सलाह दी है। वहीं, चांदी खरीदते समय उसकी शुद्धता की जांच करना भी जरूरी बताया गया है।

Related Articles

Back to top button