StateNewsदेश - विदेश

चलती कार के बोनट पर लेटी युवती, दरवाजों पर लटककर डांस; कोरबा में स्टंटबाजी पर केस

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में तीन युवतियों की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें एक युवती चलती कार के बोनट पर लेटी नजर आ रही है, जबकि दो अन्य दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर डांस कर रही हैं।

तीनों ने गरबा ड्रेस पहन रखी है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है। संबंधित युवतियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर का है। नवरात्रि के दौरान इलाके की सड़कों पर सजावट की गई थी। इसी दौरान काले रंग की कार पर युवतियों ने स्टंट किया और इसका वीडियो शूट किया। वीडियो में कार सड़क पर चलती दिखाई दे रही है। इस दौरान युवतियां बोनट और दरवाजों पर लटककर डांस करती नजर आती हैं।

‘फ्रीडम उसी को मिलती है…’ कैप्शन के साथ पोस्ट किया वीडियो

युवतियों ने ‘जस्ट चील चील चील’ गाने पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया। इसके साथ कैप्शन लिखा, ‘फ्रीडम उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।’ वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस तरह की हरकत को खतरनाक बताते हुए कार्रवाई की मांग की।

कार मालिक के खिलाफ मामला दर्ज

वीडियो में कार का नंबर CG 12 BV 6007 दिखाई दे रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि चलती कार के बोनट और दोनों दरवाजों पर युवतियों के बैठने से उनकी और दूसरे राहगीरों की जान खतरे में पड़ सकती थी। पुलिस ने वाहन की पहचान कर उसके मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। युवतियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने या लोकप्रियता पाने के लिए सड़क पर ऐसे स्टंट न करें। त्योहारी सीजन में सड़कों पर आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लोगों की जान जोखिम में डालने वाले मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button