न्यायधानी में फ्रिज ब्लास्ट: घर में अकेली बुजुर्ग महिला जिंदा जली; सावधानी ही बचाव

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह में एक मकान के भीतर फ्रिज में हुए जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में 57 वर्षीय बुजुर्ग महिला जया अग्रवाल जिंदा जल गईं। धमाका इतना तेज था कि पूरा इलाका दहल उठा और महिला को घर से बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे का घटनाक्रम
जया अग्रवाल अपने मुंहबोले भाई (वकील) के साथ रहती थीं, जिनकी कुछ दिनों पहले ही बेंगलुरु में मौत हुई थी। घटना के समय महिला घर में अकेली थीं। धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़े और बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश की। सूचना पर दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक महिला बुरी तरह झुलस चुकी थीं। शुरुआती जांच में सामने आया कि आग फ्रिज के कंप्रेसर में ब्लास्ट होने की वजह से लगी थी।
क्यों होता है फ्रिज में ब्लास्ट?
विशेषज्ञों के अनुसार, फ्रिज खुद नहीं फटता बल्कि इसके पीछे लगे कंप्रेसर में खराबी या गैस लीकेज मुख्य कारण होते हैं। फ्रिज में कूलिंग के लिए ज्वलनशील गैस (जैसे R-600a) होती है। कॉइल्स में धूल जमने या बर्फ का फ्लो रुकने से गैस का दबाव बढ़ता है और कंप्रेसर ओवरहीट होकर फट जाता है। पुरानी वायरिंग या स्टेबलाइजर न होने से स्पार्क होने पर लीकेज गैस तुरंत आग पकड़ लेती है।
इन 5 बातों का रखें ध्यान:
- वेंटिलेशन: फ्रिज को दीवार से सटाकर न रखें; पीछे कम से कम 6-10 इंच की जगह छोड़ें ताकि गर्मी बाहर निकल सके।
- नियमित सर्विस: साल में कम से कम एक बार पेशेवर मैकेनिक से कंप्रेसर और गैस पाइप की जांच कराएं।
- बर्फ जमना: अगर फ्रीजर में ज्यादा बर्फ जम रही है, तो उसे तुरंत ‘डी-फ्रॉस्ट’ करें।
- अजीब आवाज: यदि कंप्रेसर से तेज आवाज या जलने की गंध आए, तो तुरंत पावर बंद कर दें।
- पुराना फ्रिज: 10-12 साल से पुराने फ्रिज की वायरिंग और कंप्रेसर की स्थिति खतरनाक हो सकती है।





