ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

फर्नीचर दुकान पर वन विभाग की छापेमारी: साल के 4 लट्ठे जब्त, दस्तावेज नहीं दिखा सका संचालक

रायगढ़। जिले के खरसिया में वन विभाग के उड़नदस्ता दल ने लकड़ी के अवैध भंडारण की सूचना पर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने हमालपारा स्थित गर्ग फर्नीचर में जांच के दौरान साल के चार लट्ठे जब्त किए हैं। वन विभाग के मुताबिक, जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए है।

वन विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि हमालपारा स्थित फर्नीचर दुकान में देर रात साल की लकड़ी लाई गई है। सूचना के आधार पर उड़नदस्ता दल ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तलाशी के दौरान दुकान परिसर में साल के चार लट्ठे मिले।

दस्तावेज मांगने पर नहीं दिखा सका संचालक

जांच के दौरान वन विभाग की टीम ने दुकान संचालक भीम प्रकाश अग्रवाल से जब्त लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। विभाग के अनुसार, संचालक लकड़ी के परिवहन और खरीदी से जुड़े कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम ने लकड़ी को जब्त कर लिया।

दुकान, गोदाम और आरामिल सील

कार्रवाई के बाद वन विभाग ने फर्नीचर दुकान के साथ गोदाम और आरामिल को भी सील कर दिया है। मौके पर लकड़ी के दस्तावेज और उपलब्ध स्टॉक की जांच की जा रही है। विभाग ने संचालक को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है।

खरसिया वन विभाग की रेंजर लीला पटेल ने बताया कि जब्त साल की लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए है। फिलहाल मामले में दस्तावेजों और स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद वन अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button