StateNewsदेश - विदेश

गोल्डन टेंपल में निक्कर पहनकर पहुंचे विदेशी कपल को रोका, बोले- पहले पूरे कपड़े पहनकर आएं; वीडियो वायरल

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में निक्कर पहनकर माथा टेकने पहुंचे एक विदेशी कपल को गेट पर रोकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक सिख व्यक्ति विदेशी महिला और उसके साथी को गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा और ड्रेस कोड के बारे में समझाते हुए नजर आ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना 4 जुलाई की है। वीडियो में दिख रहा है कि विदेशी महिला और युवक दोनों ने निक्कर पहन रखी थी। जैसे ही वे गोल्डन टेंपल में प्रवेश करने पहुंचे, वहां मौजूद एक सिख ने उन्हें रोक लिया और बताया कि गुरुद्वारा परिसर में निक्कर या हाफ पैंट पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं है।

बातचीत के दौरान विदेशी महिला ने पूछा कि क्या गोल्डन टेंपल में प्रवेश के लिए कोई टिकट लेना पड़ता है। इस पर सिख व्यक्ति ने बताया कि यहां एंट्री पूरी तरह निशुल्क है। उन्होंने कहा कि केवल गुरुघर की मर्यादा के अनुसार पूरे कपड़े पहनना जरूरी है।

महिला ने अपने साथी की ओर इशारा करते हुए पूछा कि क्या यही नियम पुरुषों पर भी लागू होता है। इस पर उसे बताया गया कि नियम सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए समान हैं, चाहे वे किसी भी देश या धर्म से आते हों। इसके बाद दोनों को बाजार से पायजामा या फुल पैंट खरीदकर आने की सलाह दी गई।

गोल्डन टेंपल में श्रद्धालुओं के लिए पहले से ही ड्रेस कोड संबंधी सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। इनमें स्पष्ट रूप से बताया गया है कि कैप, शॉर्ट पैंट (निक्कर), कैप्री और मिनी स्कर्ट जैसे कपड़ों में प्रवेश की अनुमति नहीं है। श्रद्धालुओं से सिर ढकने और पूरे कपड़े पहनकर गुरुद्वारा साहिब में आने की अपील की जाती है।

वीडियो में विदेशी महिला ने नियमों को समझने के बाद सहमति जताई और पूरे कपड़े पहनकर आने की बात कही। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को गुरुद्वारा की मर्यादा और नियमों की जानकारी देने वाला बता रहे हैं।

Related Articles

Back to top button