दुर्ग में स्वाइन फ्लू का पहला मामला, 2 साल 11 महीने की बच्ची में H1N1 की पुष्टि

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया है। एक निजी अस्पताल में भर्ती 2 साल 11 महीने की बच्ची की जांच रिपोर्ट में H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है।
बच्ची को तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षणों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है।
दुर्ग के सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज के अनुसार, बच्ची को करीब दो दिन पहले तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षणों के बाद अस्पताल लाया गया था। लक्षणों को देखते हुए डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की आशंका जताई और RT-PCR जांच कराई। रिपोर्ट में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई।
परिवार के सदस्यों के सैंपल लिए
रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्ची के घर पहुंची। टीम ने परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ उनके सैंपल भी लिए हैं। इनकी जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि परिवार में किसी अन्य व्यक्ति में संक्रमण तो नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग बच्ची के संपर्क में आए लोगों की जानकारी भी जुटा रहा है। संभावित संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है।
छोटे बच्चों को ज्यादा सावधानी की जरूरत
स्वाइन फ्लू का संक्रमण खांसने, छींकने या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैल सकता है। छोटे बच्चों में फ्लू के कारण गंभीर बीमारी का खतरा अपेक्षाकृत अधिक हो सकता है।
इसलिए अभिभावकों को बच्चों में तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, कमजोरी, शरीर में दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। फिलहाल बच्ची की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे हैं। परिवार के सदस्यों की जांच रिपोर्ट आने के बाद संक्रमण की स्थिति और स्पष्ट होगी।





