त्रिवेंद्रम राजधानी के 2 कोच में लगी आग, 15 मिनट में यात्रियों को निकाला

दिल्ली। त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के दो कोचों में रविवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा सुबह करीब 5:15 बजे मध्य प्रदेश में कोटा मंडल के लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक आग ट्रेन के B-1 एसी कोच और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी। सबसे पहले गार्ड ने धुआं उठता देखा और इसकी सूचना लोको पायलट को दी। इसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया। रेलवे स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने तेजी से रेस्क्यू शुरू किया और करीब 15 मिनट में सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया।

आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में दोनों कोच बुरी तरह जल गए। हादसे की सूचना मिलते ही कोटा मंडल में अलर्ट जारी किया गया। आसपास के स्टेशनों से रेलवे कर्मचारी, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं। आग को दूसरे डिब्बों तक फैलने से रोकने के लिए करीब 20 मिनट बाद दोनों कोच ट्रेन से अलग कर दिए गए।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कुछ यात्रियों का सामान आग में जल गया है। सुबह करीब 7:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके बाद ट्रैक से धुआं और मलबा हटाने का काम शुरू हुआ। हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोकना पड़ा, जिससे 5 से 6 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।

यात्रियों को दूसरे कोच में शिफ्ट कर ट्रेन को करीब साढ़े चार घंटे बाद कोटा के लिए रवाना किया गया। रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Exit mobile version