कुलगाम आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख की सहायता

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों के परिवारों के लिए राज्य सरकार ने आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा किए गए इस कायराना हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है। इस हमले में सक्ती जिले के निवासी दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी भूपेंद्र भैना की मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने दोनों दिवंगत श्रमिकों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन से संपर्क स्थापित कर आवश्यक समन्वय शुरू कर दिया है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए राज्य सरकार एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त करेगी, जो जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखेगा और सहायता प्रक्रिया की निगरानी करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गृह जिले तक सम्मानपूर्वक पहुंचाने और परिजनों को हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयासरत है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

राज्य सरकार की ओर से घोषित 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि को पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल राहत के रूप में देखा जा रहा है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर भविष्य में भी हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

Exit mobile version