असम बाढ़ पीड़ितों के लिए छत्तीसगढ़ देगा 5 करोड़: CM साय बोले- आपदा की घड़ी में असम के साथ खड़ी है प्रदेश की जनता

रायपुर। असम में बाढ़ से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए प्रभावित लोगों की मदद के लिए 5 करोड़ रुपए की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह राशि असम में चल रहे राहत और पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए उपलब्ध कराने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री साय ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर बातचीत कर राज्य में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राहत कार्यों को लेकर चर्चा की।

असम के लोगों के साथ खड़ा छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता असम के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोगों के सामने मुश्किल परिस्थितियां पैदा हुई हैं। ऐसे समय में राहत और पुनर्वास कार्यों को गति देना सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से दी जा रही 5 करोड़ रुपए की सहायता असम में प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और पुनर्वास से जुड़े कार्यों में उपयोगी साबित होगी। राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में असम के साथ सहयोग और एकजुटता की भावना से खड़ी है।

राहत और पुनर्वास में मिलेगी मदद

असम में बाढ़ के कारण जनजीवन प्रभावित होने के साथ लोगों के सामने आवास, भोजन और अन्य आवश्यकताओं से जुड़ी चुनौतियां खड़ी हुई हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ सरकार की सहायता से राहत एवं पुनर्वास कार्यों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत की संघीय व्यवस्था में राज्यों के बीच सहयोग और संवेदनशीलता की भावना बेहद महत्वपूर्ण है। छत्तीसगढ़ सरकार प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए हरसंभव सहयोग की भावना के साथ आगे आई है।

Exit mobile version