रायपुर जेल में 70 बंदियों को मिला कंप्यूटर और ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने की पहल के तहत केंद्रीय जेल रायपुर में 70 बंदियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र दिए गए।

रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कंप्यूटर शिक्षा और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण पूरा करने वाले पुरुष और महिला बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। यह प्रशिक्षण ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत दिया गया है।

इसका उद्देश्य बंदियों को रिहाई के बाद रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर समाज की मुख्यधारा में सम्मान के साथ पुनर्स्थापित करना है।

भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय और छत्तीसगढ़ जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

इसमें 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ और 30 महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के तहत ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने प्रमाण-पत्र बांटे। उन्होंने कहा कि जेलों में शिक्षा और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की अहम जिम्मेदारी है।

कंप्यूटर प्रशिक्षण से बंदियों की डिजिटल साक्षरता और तकनीकी दक्षता बढ़ेगी, जबकि ब्यूटी पार्लर का हुनर महिलाओं को रिहाई के बाद स्वरोजगार शुरू करने में मदद करेगा। कौशल विकास से आत्मविश्वास और आत्मसम्मान भी बढ़ता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस ठाकुर राम सिंह ने कहा कि शिक्षा और हुनर से जीवन में नए अवसर खुलते हैं। प्रशिक्षण से बंदी भविष्य में रोजगार के साथ अपना व्यवसाय भी शुरू कर सकेंगे।

इस दौरान केंद्रीय जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, संस्थान के निदेशक अतुल सिंह और एनएसडीसी के वैभव अग्रवाल मौजूद रहे। ‘निश्चय कार्यक्रम’ के जरिए जेलों को केवल सजा का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

↑
Exit mobile version