रायपुर। छत्तीसगढ़ शिवसेना प्रमुख धनंजय परिहार का तलवार से केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो रायपुर के टिटोस क्लब का बताया जा रहा है। धनंजय परिहार इस क्लब के संचालक भी हैं। वायरल वीडियो को लेकर क्लब में देर रात तक पार्टी चलने और शराब परोसे जाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि, परिहार ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि वीडियो करीब 6 महीने पुराना है।
वीडियो में क्लब के अंदर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां नजर आ रहे हैं। तेज म्यूजिक के बीच चल रही पार्टी में धनंजय परिहार केक लेकर पहुंचते हैं। इसके बाद वे तलवार से केक काटते दिखाई देते हैं। आसपास मौजूद लोग जश्न मनाते और मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।
6 महीने पुराना वीडियो अब वायरल
बताया जा रहा है कि यह वीडियो धनंजय परिहार के जन्मदिन के दौरान बनाया गया था। कार्यकर्ताओं और दोस्तों ने टिटोस क्लब में जन्मदिन की पार्टी आयोजित की थी। इसी दौरान उन्होंने तलवार से केक काटा था। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
देर रात पार्टी और शराब परोसने का आरोप
वायरल वीडियो को लेकर आरोप है कि क्लब में रात 12 बजे के बाद भी पार्टी चल रही थी और शराब परोसी जा रही थी। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है। लोगों का कहना है कि बार और क्लब संचालन के लिए निर्धारित समय और नियमों का पालन होना चाहिए।
परिहार बोले- हमला करने का उद्देश्य नहीं
धनंजय परिहार ने सफाई देते हुए कहा कि वीडियो पुराना है और कार्यकर्ताओं के कहने पर उन्होंने तलवार से केक काटा था। इसका उद्देश्य किसी पर हमला करना नहीं था। उन्होंने कहा कि क्लब में शराब परोसने का निर्धारित समय रात 12 बजे तक है।
इसके बाद ग्राहकों को शराब नहीं दी जाती, हालांकि बाहर निकलने में कुछ समय लग सकता है। परिहार ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से पुराने वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं।
