जगदलपुर। दंतेवाड़ा जिले के मासोड़ी इलाके में रात के समय सड़क पर बाघ दिखाई देने के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है। बीजापुर से दंतेवाड़ा की ओर जा रहे ट्रक ड्राइवर ने सड़क के बीचों-बीच बाघ को खड़ा देखा। अचानक ट्रक की हेडलाइट बाघ पर पड़ते ही ड्राइवर ने वाहन रोक दिया। उसने बाघ की तस्वीर भी ली और घटना की जानकारी ग्रामीणों तथा वन विभाग को दी।
ट्रक ड्राइवर संतोष ने बताया कि वह गुरुवार रात बीजापुर से दंतेवाड़ा की ओर जा रहा था। मासोड़ी के पास अचानक उसकी गाड़ी की रोशनी सड़क पर खड़े बाघ पर पड़ी। सामने बाघ देखकर उसने तुरंत ट्रक रोक दिया और काफी देर तक वाहन के अंदर ही रहा। बाघ के जंगल की ओर चले जाने के बाद उसने वाहन आगे बढ़ाया।
अगले दिन खेत में मिले पंजों के निशान
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। अगले दिन गांव के खेतों में बाघ के पंजों के निशान भी मिले। इससे इलाके में बाघ की मौजूदगी की आशंका और मजबूत हुई है। विभाग की टीम आसपास के जंगल और खेतों में लगातार निगरानी कर रही है।
4 से ज्यादा ट्रैप कैमरे लगाए
बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने इलाके में 4 से ज्यादा ट्रैप कैमरे लगाए हैं। इन कैमरों के जरिए बाघ की आवाजाही, संभावित रास्तों और उसके मूवमेंट को रिकॉर्ड किया जा रहा है। वन विभाग स्थानीय लोगों को भी सतर्क कर रहा है और गांव में मुनादी कराकर बाघ से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
जंगल की ओर लौटाने की तैयारी
वन विभाग बाघ को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर लौटाने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए उसके संभावित मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षित रास्ता तैयार किया जा रहा है, ताकि वह आबादी वाले क्षेत्र से दूर रह सके और मानव-बाघ संघर्ष की स्थिति न बने। अधिकारियों की नजर फिलहाल बाघ की हर गतिविधि पर बनी हुई है।
