धमतरी की दो राइस मिलों से 34,303 क्विंटल धान-चावल जब्त: स्टॉक रजिस्टर नहीं दिखा सके संचालक, 80 हजार कट्टों में मिला अनाज

भोयना स्थित ए.के. राइस इंडस्ट्रीज की दोनों यूनिटों पर कार्रवाई; राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने किया भौतिक सत्यापन

धमतरी। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होते ही प्रशासन ने अवैध भंडारण और कस्टम मिलिंग में गड़बड़ी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

धमतरी जिले में सोमवार को संयुक्त टीम ने दो राइस मिलों से 34 हजार 303 क्विंटल धान और चावल जब्त किया। ग्राम भोयना स्थित ए.के. राइस इंडस्ट्रीज की दोनों इकाइयों में जांच के दौरान स्टॉक पंजी नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई।

जब्त खाद्यान्न में 32 हजार 878 क्विंटल धान और 1 हजार 425 क्विंटल चावल शामिल है।

80 हजार कट्टों में मिला धान

कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की टीम ने 16 नवंबर को ए.के. राइस इंडस्ट्रीज और उसकी यूनिट-2 का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान फर्म के संचालक अकील अहमद खान मौके पर नहीं मिले।

टीम ने मुंशी सोहेल रजा से भंडारित धान और चावल की स्टॉक पंजी मांगी, लेकिन वे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद अधिकारियों ने दोनों इकाइयों में खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन किया। करीब 80 हजार कट्टों में 32,878 क्विंटल धान और 1,425 क्विंटल चावल मिला। नियमों के तहत पूरा स्टॉक जब्त कर मुंशी सोहेल रजा की सुपुर्दगी में दिया गया।

कस्टम मिलिंग आदेश के तहत कार्रवाई

दोनों मिलों में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत कस्टम मिलिंग का चावल जमा करने का काम चल रहा था। इसके बावजूद स्टॉक से जुड़े रिकॉर्ड नहीं मिलने पर कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश, 2016 के तहत कार्रवाई की गई।

प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हुई है, जो 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। प्रशासन ने कहा है कि अवैध भंडारण, परिवहन और मिलिंग में गड़बड़ी रोकने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।

↑
Exit mobile version