ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कोरबा में किसान की आत्महत्या: परिजनों ने कर्ज को कारण मानने से किया इनकार

रायपुर। कोरबा जिले के भैसमा तहसील के ग्राम बगबुड़ा निवासी 51 वर्षीय परदेशीराम कंवर की आत्महत्या के मामले में प्रशासन ने जांच की है। जांच के दौरान मृतक के परिजनों ने कर्ज को आत्महत्या का कारण मानने से इनकार किया है। प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जांच में भी अब तक कर्ज से संबंधित कोई पुष्टि नहीं हुई है।

मामले की तथ्यात्मक स्थिति जानने के लिए तहसीलदार भैसमा, हल्का पटवारी, ग्राम सरपंच और ग्रामीणों की मौजूदगी में मृतक के परिजनों से पूछताछ की गई। मौके पर पंचनामा भी तैयार किया गया।

मृतक की पत्नी ननकी नोनी कंवर ने प्रशासन को दिए बयान में कहा कि आत्महत्या का मूल कारण कर्ज नहीं है। परिवार को आत्महत्या के स्पष्ट कारण की जानकारी नहीं है। मृतक की बहू दुर्गा कंवर ने भी बताया कि परदेशीराम कंवर किसी तरह के कर्ज को लेकर परेशान नहीं थे।

खेती-किसानी का काम खुद संभालते थे

परिजनों के अनुसार, परदेशीराम कंवर खेती-किसानी का काम स्वयं संभालते थे। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन पुत्र और एक पुत्री शामिल हैं। एक पुत्र और पुत्री का विवाह हो चुका है। एक पुत्र रोजी-मजदूरी करता है, जबकि दूसरा पढ़ाई कर रहा है।

परिजनों ने बताया कि खेती के काम में बच्चों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण परदेशीराम अक्सर परेशान रहते थे। वे परिवार के सदस्यों के सामने भी इस बात का जिक्र करते थे।

प्रशासन की जांच में उपलब्ध जानकारी और परिजनों के बयानों के आधार पर कर्ज को आत्महत्या का कारण बताए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने मौके पर पंचनामा तैयार कर संबंधित तथ्यों को दर्ज किया है। मामले में आत्महत्या के वास्तविक कारणों को लेकर अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button