डेटिंग ऐप पर दोस्ती कर छात्र से 1.50 लाख ऐंठे: हॉस्टल में घुसकर मारपीट, ‘गे’ होने की बात बताने की धमकी देकर 50 हजार और मांगे

जयपुर। जयपुर में डेटिंग ऐप के जरिए छात्र से दोस्ती कर ब्लैकमेलिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने छात्र को बदनाम करने की धमकी देकर करीब 1.50 लाख रुपए वसूले। इसके बाद भी आरोपी ने उसकी पहचान सार्वजनिक करने की धमकी देते हुए 50 हजार रुपए और मांगे। पीड़ित ने शिवदासपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश निवासी 26 वर्षीय छात्र जयपुर के एक कॉलेज में पढ़ाई करता है और हॉस्टल में रहता है। उसकी पहचान ‘ग्राइंडर ऐप’ के जरिए अर्जुन नाम के युवक से हुई थी। दोनों के बीच करीब एक महीने तक फोन पर बातचीत होती रही। इसके बाद 22 अगस्त को जगतपुरा में दोनों की मुलाकात हुई।
हॉस्टल ले जाकर की मारपीट
आरोप है कि मुलाकात के बाद अर्जुन छात्र को बाइक से उसके हॉस्टल ले गया। कमरे में पहुंचने के बाद उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। आरोपी ने उसका मोबाइल भी छीन लिया और पेटीएम ऐप खोलकर पैसे देने के लिए धमकाया।
आरोप है कि युवक ने छात्र को धमकी दी कि पैसे नहीं दिए तो उसके कॉलेज, हॉस्टल और परिवार के लोगों को उसकी निजी पहचान के बारे में बता देगा। आरोपी ने कथित तौर पर घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
पहले 1 लाख, फिर 50 हजार की मांग
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने उसी दिन छात्र से ऑनलाइन 1 लाख रुपए ट्रांसफर करवाए। इसके बाद 30 अगस्त को दोबारा हॉस्टल पहुंचकर मारपीट की और 40 हजार रुपए नकद छीन लिए। 10 हजार रुपए ऑनलाइन भी ट्रांसफर करवाए। इस दौरान दोनों की वॉट्सऐप चैट डिलीट कर दी।
31 अगस्त को आरोपी ने वॉट्सऐप कॉल कर 50 हजार रुपए और मांगे। रुपए नहीं देने पर कॉलेज और घर में बदनाम करने तथा भविष्य खराब करने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





