StateNewsखेलदेश - विदेश

खराब फॉर्म के बावजूद लाबुशेन पर भरोसा: साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम घोषित

दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। खराब फॉर्म से जूझ रहे मार्नस लाबुशेन को टीम में बरकरार रखा गया है। वहीं मैथ्यू कुहनेमन, कूपर कोनोली और माइकल नेसर को भी स्क्वॉड में जगह मिली है। सीरीज का पहला टेस्ट 9 अक्टूबर से डरबन में खेला जाएगा।

2023 के बाद शतक नहीं लगा सके लाबुशेन

लाबुशेन का खराब फॉर्म चयनकर्ताओं के लिए चिंता का विषय रहा है। उन्होंने अपना पिछला टेस्ट शतक 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में लगाया था। इसके बाद 43 टेस्ट पारियों में उनका औसत 24.69 रहा है। जुलाई में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी उन्होंने 1, 31 और 4 रन की पारियां खेलीं।

खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज की टीम से बाहर रखा गया है। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने टेस्ट में नंबर-3 बल्लेबाज पर भरोसा कायम रखा है।

कुहनेमन को मर्फी पर तरजीह

लेफ्ट आर्म स्पिनर मैथ्यू कुहनेमन को नाथन लायन के साथ दूसरे विशेषज्ञ स्पिनर के रूप में चुना गया है। उन्हें टॉड मर्फी पर प्राथमिकता मिली है। साउथ अफ्रीका की परिस्थितियों में ऑस्ट्रेलिया के पास दो स्पिनरों के साथ उतरने का विकल्प रहेगा।

149 रन के बाद कोनोली को मौका

23 वर्षीय कूपर कोनोली को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है। बांग्लादेश के खिलाफ हालिया वनडे में 149 रन की शानदार पारी ने उनका दावा मजबूत किया। चयनकर्ता उन्हें भविष्य की योजनाओं का हिस्सा मान रहे हैं।

9 अक्टूबर से शुरू होगी सीरीज

पहला टेस्ट 9 अक्टूबर को डरबन, दूसरा 18 अक्टूबर को जीक्वेबरहा और तीसरा 27 अक्टूबर को केप टाउन में खेला जाएगा। पेस अटैक में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड के साथ स्कॉट बोलैंड और माइकल नेसर विकल्प होंगे।

2018 के बॉल टैंपरिंग विवाद के बाद ऑस्ट्रेलिया पहली बार टेस्ट सीरीज खेलने साउथ अफ्रीका जाएगी। मौजूदा टीम में उस दौरे का हिस्सा रहे पैट कमिंस, स्टार्क, हेजलवुड, स्टीव स्मिथ और मैट रेनशॉ भी शामिल हैं।

ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मैथ्यू कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, माइकल नेसर, मैट रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क और ब्यू वेबस्टर।

Related Articles

Back to top button