ईपीएफओ की 27वीं क्षेत्रीय बैठक संपन्न, श्रमिकों को समय पर सामाजिक सुरक्षा लाभ देने पर जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की 27वीं क्षेत्रीय समिति बैठक गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योगों में होने वाली आकस्मिक मृत्यु से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए तथा मृत्यु क्लेम के निपटारे में कर्मचारी राज्य बीमा निगम के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
बैठक में सचिव ने निष्क्रिय भविष्य निधि खातों (इनएक्टिव पीएफ अकाउंट) के लाभार्थियों की पहचान कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 33 जिलों में प्रत्येक माह की 27 तारीख को आयोजित होने वाले “निधि आपके निकट” कार्यक्रम में जिला कलेक्टर, ईएसआईसी, सहायक श्रम आयुक्त, उप श्रम आयुक्त और संबंधित विभागों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रमिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान हो सके।
बैठक का संचालन सदस्य सचिव एवं क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त जयवदन इंगले ने किया। उन्होंने संगठन की गतिविधियों, न्यायालयीन मामलों, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, कर्मचारी पंजीकरण योजना-2025, प्रयास, तत्पर, कन्वर्जेंस बैठक और नवीन साइट्स प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने नियोक्ताओं और पीएफ सदस्यों को “निधि आपके निकट” कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
बैठक में ईपीएफ अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, सामाजिक सुरक्षा लाभों के विस्तार और संगठन के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर उप केंद्रीय श्रमायुक्त बिधान चंद्र नायक, उप निदेशक एन.के. पटनायक, रत्नेश राजन्या सहित उद्योग और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त गौरव डोगरा ने बैठक में पॉवर प्वाइंट प्रस्तुति दी। बैठक में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने और लाभार्थियों तक समय पर सेवाएं पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।





